मुक्तिधाम से हटाया गया अवैध कब्जा, पंचायत की जनहित कार्रवाई

मुक्तिधाम से हटाया गया अवैध कब्जा, पंचायत की जनहित कार्रवाई

      बेलगहना से बैजनाथ पटेल की ख़ास रिपोर्ट 

मुक्तिधाम से हटाया गया अवैध कब्जा, पंचायत की जनहित कार्रवाई

जनपद पंचायत कोटा अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनचरा में स्थित मुक्तिधाम पर किए गए अवैध कब्जे को लेकर पंचायत ने सख्त रुख अपनाते हुए जेसीबी चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई दिनांक 08 फरवरी 2026, रविवार को की गई, जिससे गांव में चर्चा का माहौल बना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कोनचरा के मुक्तिधाम की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण एवं कब्जा किया जा रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए सरपंच श्रीमती संतोषी गनपत मरावी की अध्यक्षता में पंचायत की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंचायती राज अधिनियम की धारा 56 के अंतर्गत अतिक्रमण हटाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
पंचायत द्वारा अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर एक माह का समय दिया गया था और समझाइश दी गई थी कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा पंचायत द्वारा कार्रवाई की जाएगी। समयावधि समाप्त होने के बाद भी जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तब पंचायत ने जेसीबी के माध्यम से अवैध कब्जा हटाया। इस दौरान मुक्तिधाम परिसर की सफाई, सौंदर्यीकरण किया गया एवं आम नागरिकों के आवागमन हेतु रास्ता भी बनाया गया, जिससे ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।
सरपंच संतोषी मरावी ने कहा कि “पंचायत का यह निर्णय जनहित में लिया गया है। सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचायत की कार्ययोजना पर सभी जनप्रतिनिधियों ने एकजुटता दिखाई है और आमजन को पंचायत के फैसलों का पालन करना चाहिए।”
उन्होंने समस्त ग्रामीणजनों से अपील करते हुए कहा कि दाह संस्कार का कार्य अधिक से अधिक ग्राम के मुक्तिधाम में ही करें, ताकि इसकी गरिमा बनी रहे।”
पंचायत की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन और पंचायत सख्त है तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button