तालाब में डूबने से तीन मासूम सहेलियों की मौत….
तालाब में डूबने से तीन मासूम सहेलियों की मौत….

शाहिद हुसैन की ख़ास रिपोर्ट
तालाब में डूबने से तीन मासूम सहेलियों की मौत….
कोरबा जिले के नुनेरा गांव में गुरुवार को दर्दनाक हादसे में तीन मासूम सहेलियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर के समय नहाने के लिए तालाब पहुंची थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान तालाब की मेड़ पर बच्चियों के चप्पल और कपड़े मिले। इसके बाद तालाब में खोजबीन की गई, जहां एक बच्ची का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकाला गया। इसके बाद काफी मशक्कत के बाद बाकी दोनों बच्चियों के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए।
मृत बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय इंदु अगरिया, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना के रूप में हुई है। तीनों सहेलियां कक्षा पहली में पढ़ती थीं और किसान परिवार से थीं। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर मर्ग कायम किया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान एक बच्ची गहरे पानी में चली गई होगी और उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी पानी में उतर गई होंगी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




