बिलासपुर में SSP का ‘एक्शन मोड’ ऑन, सड़कों पर गुंडागर्दी करने वालों पर सीधा प्रहार, 513 पर कार्रवाई से मचा हड़कंप
बिलासपुर में SSP का ‘एक्शन मोड’ ऑन, सड़कों पर गुंडागर्दी करने वालों पर सीधा प्रहार, 513 पर कार्रवाई से मचा हड़कंप

शेख अज़ीज़ खान की ख़ास रिपोर्ट
बिलासपुर में SSP का ‘एक्शन मोड’ ऑन, सड़कों पर गुंडागर्दी करने वालों पर सीधा प्रहार, 513 पर कार्रवाई से मचा हड़कंप
बिलासपुर में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अप्रैल 2026 से 12 मई 2026 तक कुल 513 व्यक्तियों और प्रकरणों पर कार्रवाई की है। चाकूबाजी, शराब पीकर हुड़दंग, बिना नंबर प्लेट वाहन और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वालों को अब किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
बिलासपुर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वाले बदमाशों, निगरानी अपराधियों और शराब पीकर उत्पात मचाने वालों को निशाने पर लिया। कई जगहों पर पुलिस ने बदमाशों से उठक-बैठक कराकर सरेआम माफी भी मंगवाई, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो सके।
कार्रवाई के आंकड़ों पर नजर डालें तो थाना सिविल लाइन में धारा 151 के तहत 55, धारा 107/116 के 76 और आर्म्स एक्ट के 11 मामलों में कार्रवाई हुई। वहीं थाना कोतवाली में 21 मामलों में धारा 151 और 93 मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। थाना सरकंडा में सबसे ज्यादा 130 मामलों में धारा 107/116 और 15 मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई दर्ज की गई।
इसके अलावा तोरवा, चकरभाठा, सिरगिट्टी और कोनी थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। एसएसपी रजनेश सिंह ने साफ कहा है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों, हथियार लेकर घूमने वालों और जनता में डर फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर के लोगों ने राहत की सांस ली है। आम नागरिकों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और सड़क पर हुड़दंग की घटनाओं के बीच पुलिस का यह अभियान कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।




