बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फ्लाइट का पहिया फटा, मची अफरा-तफरी

बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फ्लाइट का पहिया फटा, मची अफरा-तफरी

          शेख अज़ीज़ खान की ख़ास रिपोर्ट 

 

बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फ्लाइट का पहिया फटा, मची अफरा-तफरी

 बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलाइंस एयर की फ्लाइट 9I613 की लैंडिंग के दौरान अचानक एक पहिया फट गया। पहिया फटने के बाद आग लगने की सूचना से विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि पायलट की सूझबूझ और तत्परता से विमान को नियंत्रित कर सुरक्षित रोक लिया गया। विमान में सवार 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत सभी 41 लोग सुरक्षित हैं।

दरअसल फ्लाइट ने शुक्रवार सुबह करीब 10:55 बजे दिल्ली से बिलासपुर के लिए उड़ान भरी थी। करीब ढाई घंटे बाद विमान बिलासा एयरपोर्ट पर लैंड कर रहा था। रनवे पर उतरते ही विमान की बाईं ओर का पहिया अचानक फट गया और उसमें आग लगने की बात सामने आई। घटना के बाद विमान कुछ दूरी तक आगे बढ़ा, लेकिन पायलट ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित रोक लिया।

विमान के रुकते ही एयरपोर्ट की सुरक्षा और तकनीकी टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। सभी 37 यात्रियों और 4 क्रू मेंबर को विमान से सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई। वहीं, घटना के बाद बिलासपुर से आगे जाने वाली एलाइंस एयर की फ्लाइट को रद्द कर दिया गया।

विमान का पहिया किस वजह से फटा और उसमें आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। एयरपोर्ट की तकनीकी टीम मौके पर जांच कर रही है। घटना के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। हालांकि लैंडिंग के दौरान हुए इस हादसे के बावजूद विमान में सवार सभी 41 लोगों का सुरक्षित होना बड़ी राहत की बात है।

Related Articles

Back to top button